फिल्मबॉलीवुड

बॉक्स ऑफिस पर हिट ‘धुरंधर’, पाकिस्तान में मचा बवाल, कोर्ट तक पहुंचा मामला

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ से बौखलाया पाकिस्तान, कराची की अदालत में मेकर्स के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग

नई दिल्ली। रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म जहां जबरदस्त कमाई कर रही है, वहीं इसका असर अब पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी देखने को मिल रहा है। अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर पाकिस्तान में इतना बवाल मचा है कि मामला सीधे कोर्ट तक पहुंच गया है।

पाकिस्तान के कराची की एक जिला अदालत में फिल्म ‘धुरंधर’ के खिलाफ आवेदन दाखिल किया गया है। इस याचिका में फिल्म के निर्देशक, निर्माता और अन्य टीम सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की गई है।

फिल्म के ट्रेलर पर आपत्ति

आवेदनकर्ता मोहम्मद आमिर ने दावा किया है कि वह पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) का कार्यकर्ता है। उसने आरोप लगाया कि फिल्म के ट्रेलर में PPP को आतंकवाद के प्रति सहानुभूति रखने वाली पार्टी के रूप में दिखाया गया है। इसके अलावा, ट्रेलर में कराची के ल्यारी इलाके को “आतंकवादी युद्ध क्षेत्र” बताए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है।

भड़काऊ और गलत चित्रण का आरोप

याचिकाकर्ता का कहना है कि फिल्म में दिखाया गया यह चित्रण न केवल तथ्यात्मक रूप से गलत है, बल्कि भड़काऊ भी है, जिससे पाकिस्तान और वहां की राजनीतिक पार्टियों की छवि को नुकसान पहुंचता है। इसी आधार पर अदालत से फिल्म से जुड़े लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

गौरतलब है कि भारत में फिल्म धुरंधर को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर यह धमाल मचा रही है। वहीं, पाकिस्तान में फिल्म को लेकर उठे इस विवाद ने इसे अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में भी ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *