उत्तराखंडदेहरादून

कैंसर जागरूकता अभियान को बड़ी सफलता, 841 मरीजों तक पहुँची स्वास्थ्य सेवाएं

 

एसजीआरआर विश्वविद्यालय एवं महंत इन्दिरेश अस्पताल के स्वास्थ्य शिविर से 841 मरीज लाभान्वित

कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में पांवटा साहिब के नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

ज्ञान चंद गोयल धर्मार्थ भवन, तारुवाला रोड, पांवटा साहिब में शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून तथा रोटरी पांवटा साहिब के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर में कुल 841 मरीजों ने विभिन्न चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों को स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

 

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंशुल गोयल, प्रेसिडेंट रोटरी पांवटा साहिब, शांति स्वरूप गुप्ता, सचिव रोटरी पांवटा साहिब एवं डॉ. पंकज कुमार गर्ग, वरिष्ठ कैंसर सर्जन, महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 

मुख्य अतिथि अंशुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून ने न केवल उत्तराखंड बल्कि संपूर्ण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक सशक्त एवं विश्वसनीय पहचान स्थापित की है। उन्होंने अस्पताल के चेयरमैन देवेंद्र दास महाराज के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में यह संस्थान समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सेवाएं पहुंचा रहा है। उन्होंने भविष्य में पांवटा साहिब एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर भी बल दिया।

 

शिविर में कैंसर सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. पंकज कुमार गर्ग ने कैंसर के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि समय पर पहचान और सही उपचार से कैंसर का सफल इलाज संभव है। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, तंबाकू एवं नशे का सेवन, असंतुलित आहार, शारीरिक निष्क्रियता और मानसिक तनाव कैंसर के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि लंबे समय तक घाव न भरना, शरीर में असामान्य गांठ, अचानक वजन कम होना, लगातार खांसी या खून आना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें तथा नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

 

स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं, जिनमें कैंसर विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी कॉल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग से डॉ. आयुष्मा, मेडिसिन विभाग से डॉ. शरणदीप, सर्जरी विभाग से डॉ. उपमन्यु जोशी, शिशु रोग विभाग से डॉ. ऋषभ यादव, नेत्र रोग विभाग से डॉ. तन्वी भट्ट, त्वचा एवं यौन रोग विभाग से डॉ. चिताम्बरा जोशी, फिजियोथैरेपी से डॉ. आयुषी वर्मा, मनोरोग विभाग से डॉ. विदुषी मक्कड़, हड्डी रोग विभाग से डॉ. विशाल तथा नाक-कान-गला रोग विभाग से डॉ. इंद्रा आर्य शामिल रहे।

 

शिविर के दौरान मरीजों की निःशुल्क ईसीजी जांच, ब्लड शुगर जांच एवं ब्लड प्रेशर जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल गर्ग, रवि दीप सिंह, प्रशांत आर्य, सुमेद वर्मा, शांति गुप्ता, एनपीएस नारंग, नरेंद्र सहोटा, अरविंद मारवा, राखी डंग, प्रवेश सबलोक, रक्षित अग्रवाल, हरिशंकर गौड़, जनसंपर्क अधिकारी महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा अमित चंद्रा, कोऑर्डिनेटर ब्लड बैंक, महंत इन्दिरेश अस्पताल का विशेष योगदान रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *