देहरादून गेस्ट हाउस प्रकरण: नाबालिग से जुड़े मामले में महिला आयोग सख्त, प्रदेशभर में कड़े निर्देशों की तैयारी
देहरादून गेस्ट हाउस प्रकरण में महिला आयोग सख्त, प्रदेशभर में कड़े निर्देश जारी करने की तैयारी
देहरादून | 13 दिसम्बर 2025
देहरादून के शिमला बाईपास क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में नाबालिग लड़की के साथ युवक के संदिग्ध अवस्था में मिलने के मामले में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए पुलिस से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
आयोग ने नाबालिग की सुरक्षा, काउंसलिंग तथा परिजनों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी धाराओं में कार्रवाई करने, डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराने तथा गेस्ट हाउस प्रबंधन की भूमिका की भी गहन जांच करने को कहा गया है।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले की निष्पक्ष, गंभीर और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके।
आयोग ने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी होटलों, गेस्ट हाउसों, रात्रि विश्राम गृहों एवं ठहरने की अन्य जगहों पर आने-जाने वाले व्यक्तियों का पहचान पत्र जांचना तथा रजिस्टर में अनिवार्य प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
महिला आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। आयोग पूरे प्रकरण पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
