उत्तराखंडदिल्लीदेहरादून

उत्तराखंड का मेगा पर्यटन अभियान: दिल्ली से ‘पैन-इंडिया रोड शो’ का आगाज, सतपाल महाराज बोले- ‘365 दिन पर्यटकों की पहली पसंद बनेगा देवभूमि’

 

देहरादून/दिल्ली | 10 जनवरी, 2026

उत्तराखंड को साल के 365 दिन एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य (Year-Round Destination) के रूप में स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को दिल्ली में ‘पैन-इंडिया एकीकृत रोड शो’ अभियान की शुरुआत की। यह बहु-शहरी अभियान देश के विभिन्न महानगरों में आयोजित किया जाएगा ताकि उत्तराखंड के पर्यटन उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सके।

वेडिंग डेस्टिनेशन और विंटर चारधाम पर फोकस

अभियान की शुरुआत करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस रोड शो का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर के ट्रैवल ट्रेड और पर्यटन उद्योग को राज्य के एडवेंचर, वेलनेस और आध्यात्मिक पर्यटन से जोड़ना है। उन्होंने राज्य की नई कार्ययोजना साझा करते हुए उत्तराखंड को भविष्य के Wedding Destination, Spiritual Mega Circuit और International Tourism Gateway के रूप में विकसित करने की बात कही।

शीतकालीन पर्यटन का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा उत्तराखंड

सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता उत्तराखंड को शीतकालीन पर्यटन (Winter Tourism) का हब बनाना है। इसके लिए प्रमुख कदम उठाए जा रहे हैं:

विंटर चारधाम: जोशीमठ, औली और पांडुकेश्वर को विंटर चारधाम व ‘सनशाइन टूरिज्म’ के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि श्रद्धालु सालभर दर्शन कर सकें।

साहसिक गतिविधियां: धारचूला से नेलांग घाटी तक Snow Leopard Sighting और नीति घाटी में Ultra Run जैसे कार्यक्रमों के जरिए नई पहचान दी जा रही है।

नए आकर्षण: स्कीइंग, स्नो ट्रैकिंग और विंटर फेस्टिवल्स के माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा।

निवेश और स्वरोजगार के बढ़ेंगे अवसर

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड को ‘टूरिज्म कैपिटल ऑफ इंडिया’ बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में निर्णायक कदम है। दिल्ली रोड शो में उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के 250 से ज्यादा इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया। इस दौरान बी2बी मीटिंग्स और नेटवर्किंग सत्रों के माध्यम से निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

 

कार्यक्रम में उपस्थिति:

इस अवसर पर अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रुहेला, जीएमवीएन प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा, केएमवीएन प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, पद्मश्री अजीत बजाज, तरूण थियो, करण और अभिषेक अहलूवालिया सहित कई विभागीय अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *